गिरिडीह के सिरसिया स्थित बद्रीनारायण साहा डीएवी पब्लिक स्कूल में 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक परंपरा के तहत हवन यज्ञ से हुई, जिसके बाद कारगिल शहीद स्मारक पर वरिष्ठ शिक्षक पार्थों सारथी त्रिगुनाइत ने ध्वजारोहण कर अमर शहीदों को नमन किया।

इसके बाद विद्यालय के प्राचार्य सचिन गर्ग ने मुख्य मंच पर राष्ट्रीय ध्वज फहराते हुए कहा कि यह दिन न केवल स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को स्मरण करने का है, बल्कि एक ऐसे भारत के निर्माण का संकल्प लेने का है, जो शिक्षा, तकनीक, अर्थव्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण में अग्रणी हो।

मुख्य कार्यक्रम में चारों सदनों की परेड ने देशभक्ति का रंग बिखेरा, जबकि साक्षी और आलोक कुमार ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रभावशाली भाषण दिया। विद्यालय के संगीत विभाग की भावपूर्ण प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। मंच संचालन रिया कुमारी और सौम्या पांडेय ने किया, जबकि कार्यक्रम की सफलता में शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का अहम योगदान रहा।













