Aba News

79वें स्वतंत्रता दिवस पर PM मोदी का रिकॉर्ड भाषण: ऑपरेशन सिंदूर से लेकर आत्मनिर्भर भारत तक, 103 मिनट में 6 बड़े संदेश

79वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लालकिले से लगातार 12वीं बार तिरंगा फहराया और इस अवसर पर अब तक का सबसे लंबा भाषण दिया। 103 मिनट तक चले भाषण की शुरुआत उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए की, जिसमें उन्होंने बताया कि भारतीय सेना ने सैकड़ों किमी दुश्मन की धरती में घुसकर आतंकियों को नष्ट कर दिया। पीएम ने कहा, “हमने सेना को खुली छूट दी और उनका पराक्रम दशकों तक याद रहेगा। अगर हम आत्मनिर्भर नहीं होते, तो ऑपरेशन इतनी तेजी से सफल नहीं हो पाता।”

मोदी ने भाषण में आतंकवाद, सिंधु समझौता, नक्सलवाद, अवैध घुसपैठ और आत्मनिर्भर भारत जैसे विषयों पर विस्तार से बात की। पहली बार लालकिले से RSS का भी जिक्र किया और उसे दुनिया का सबसे बड़ा NGO बताते हुए इसके अनुशासन और सेवा भाव की सराहना की। उन्होंने कहा, “व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ 100 सालों से RSS ने मां भारती के कल्याण के लिए अपना जीवन समर्पित किया।”

इस बार पीएम ने दो बड़े ऐलान भी किए। पहली, दिवाली से GST रिफॉर्म लागू होगी, जिससे आम लोगों को टैक्स में राहत मिलेगी। दूसरी, प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना शुरू होगी, जिसके तहत निजी क्षेत्र में पहली नौकरी पाने वाले युवाओं को 15 हजार रुपए और कंपनियों को रोजगार जुटाने पर प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह योजना करीब 3.5 करोड़ नौजवानों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगी।

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में छह प्रमुख संदेश दिए:

  1. सेना को खुली छूट और ऑपरेशन सिंदूर: आतंकियों को सैकड़ों किमी दूर नष्ट करना, पाकिस्तान की नींद उड़ा दी।

  2. खून और पानी एक साथ नहीं बहेगा: आतंक और परमाणु ब्लैकमेल के खिलाफ सख्त रुख।

  3. अपनी लकीर लंबी करें: दूसरों की तुलना में ऊर्जा बर्बाद न करें, देश की ताकत बढ़ाएं।

  4. दाम कम, दम ज्यादा: मेड इन इंडिया उत्पादों की गुणवत्ता सर्वोत्तम और आत्मनिर्भरता बढ़ाना।

  5. मोटापा पर नियंत्रण: घर में खाना पकाने में 10% तेल कम इस्तेमाल करने की सलाह।

  6. मेड इन इंडिया जेट इंजन: स्पेस और आधुनिक तकनीक में भारत का आत्मनिर्भर होना, 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य।

इस भाषण में पीएम मोदी ने देशवासियों को आत्मनिर्भरता, सुरक्षा, आर्थिक मजबूती और सामाजिक जिम्मेदारी की दिशा में प्रेरित किया। उनके शब्द ऑपरेशन सिंदूर की वीरता से लेकर युवाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भर भारत तक एक व्यापक संदेश देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें