गिरिडीह में पचम्बा थाना क्षेत्र की रानी कुमारी की संदिग्ध मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। कोलकाता स्थित ससुराल में फंदे से लटकता उसका शव मिला। मायकेवालों का आरोप है कि शादी के बाद पति और ससुराल पक्ष ने दहेज में नगद और जेवर की मांग शुरू की, मांग पूरी न होने पर रानी को लगातार प्रताड़ित किया गया और आखिरकार उसकी हत्या कर दी गई। करीब एक साल पहले उसकी शादी मिर्जागंज निवासी अमरेंद्र साहू से हुई थी।
सूचना मिलने पर मायकेवाले कोलकाता पहुंचे और शव को गिरिडीह ले आए, जहां दोनों पक्षों में कहासुनी और मारपीट भी हुई। मृतका के परिजनों ने कोलकाता के वीआईपी नगर थाने में पति अमरेंद्र साहू और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर दहेज प्रताड़ना व हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।













