एशिया कप 2025 के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। सूत्रों के मुताबिक, पूर्व कप्तान बाबर आज़म और विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिज़वान का चयन लगभग नामुमकिन है। उनकी जगह सलमान अली आगा की कप्तानी में तेज़ गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी की वापसी की पूरी संभावना है। पाकिस्तान ग्रुप-ए में भारत, ओमान और यूएई के साथ है, जहां हर टीम एक-दूसरे से एक-एक मैच खेलेगी। क्रिकेट जानकारों का मानना है कि इस ग्रुप से भारत और पाकिस्तान के सुपर-4 में पहुंचने की संभावना सबसे ज्यादा है।
बाबर आज़म के हालिया प्रदर्शन पर नज़र डालें तो पिछले 11 टी20 पारियों में उन्होंने कोई अर्धशतक नहीं लगाया है और 2025 में अब तक एक भी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। वेस्टइंडीज के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई वनडे सीरीज में भी उनका बल्ला खामोश रहा। इसी तरह, मोहम्मद रिज़वान भी इस साल टी20 टीम से बाहर चल रहे हैं और उनकी जगह कप्तानी सलमान अली आगा को मिली है, हालांकि उनकी कप्तानी में भी पाकिस्तान बांग्लादेश से सीरीज हार चुका है। दोनों दिग्गजों की गैरमौजूदगी पाकिस्तान के बल्लेबाजी क्रम के लिए बड़ा बदलाव होगी।
वहीं, तेज़ गेंदबाजी विभाग में शाहीन अफरीदी की मौजूदगी पाकिस्तान की सबसे बड़ी ताकत मानी जा रही है। स्विंग के उस्ताद अफरीदी किसी भी बल्लेबाजी लाइन-अप को ध्वस्त करने की क्षमता रखते हैं। फखर ज़मान की उपलब्धता चोट के कारण संशय में है, जबकि फाइनल स्क्वॉड में सईम अयूब, मोहम्मद हारिस, हसन नवाज, खुशदिल शाह और हारिस रऊफ जैसे नाम शामिल हो सकते हैं। पाकिस्तान 12 सितंबर को ओमान, 14 सितंबर को भारत और 17 सितंबर को यूएई के खिलाफ दुबई में मैच खेलेगा, जिसके लिए फैन्स अभी से रोमांचित हैं।












