Aba News

झारखंड में अगले 4 दिन बारिश संग चलेगी तेज हवा, तापमान में आएगी गिरावट

झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। अगले चार दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में रांची में सबसे ज्यादा 43.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि गिरिडीह और गोड्डा का तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। आने वाले दिनों में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट देखने को मिलेगी। विभाग ने खासकर किसानों को सतर्क रहने और फसल सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की सलाह दी है।

13 से 15 अगस्त के बीच रांची, हजारीबाग, गुमला, रामगढ़, मझगांव और बोकारो जैसे इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 17 और 18 अगस्त को कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ तेज बारिश हो सकती है। रांची में 1 जून से अब तक 1068.6 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 65% अधिक है। इस बारिश ने राज्य के जलस्तर और फसलों के लिए राहत का माहौल बनाया है। हालांकि, पाकुड़ और देवघर जैसे कुछ जिलों में बारिश सामान्य से कम दर्ज की गई है।

झारखंड में इस मानसून सीजन के दौरान अब तक औसतन 865.5 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 38% ज्यादा है। पूर्वी सिंहभूम में 1276.5 मिमी बारिश के साथ यह आंकड़ा 89% ऊपर चला गया है, जबकि सरायकेला-खरसावां में 74% और लातेहार में 68% की बढ़त दर्ज हुई। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगस्त के बाकी दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जिससे मौसम सुहावना और खेती-किसानी के लिए अनुकूल बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें