कोलडीहा स्थित किरण पब्लिक स्कूल में झारखंड के महानायक दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की जीवनी पर विशेष परिचर्चा का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के अध्यक्ष अशोक सिंह, निदेशक राजीव रंजन सिंह और प्राचार्य राघव भोक्ता ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर किया। सातवीं से दसवीं तक के 40 से अधिक छात्रों ने शिबू सोरेन के संघर्ष, आदिवासियों व पिछड़े वर्ग के अधिकारों के लिए उनके योगदान, महाजनी प्रथा और जमींदारों की मनमानी से मुक्ति दिलाने में निभाई गई उनकी अहम भूमिका पर अपने विचार रखे। करीब 400 बच्चों ने इस प्रेरणादायी कार्यक्रम को देखा और सुना।

कार्यक्रम में छात्रों और स्कूल प्रबंधन ने दो अहम प्रस्ताव रखे — पहला, शिबू सोरेन की जीवनी को सीबीएसई पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए ताकि नई पीढ़ी उनसे प्रेरणा ले सके, और दूसरा, उनके अद्वितीय संघर्ष और योगदान को देखते हुए उन्हें भारत रत्न और नोबेल पुरस्कार से सम्मानित करने की अनुशंसा भारत सरकार से की जाए। इस अवसर को सफल बनाने में निदेशक राजीव रंजन सिंह, प्राचार्य राघव भोक्ता, शिक्षिका छोटी रवानी और अन्य शिक्षकों का विशेष योगदान रहा।













