बहुप्रतीक्षित ‘जॉली एलएलबी 3’ का टीज़र आखिरकार रिलीज़ हो गया है और इस बार कोर्टरूम में दो-दो जॉली आमने-सामने हैं। अक्षय कुमार (जॉली मिश्रा) और अरशद वारसी (जॉली त्यागी) के बीच छिड़ी इस कानूनी जंग में जज त्रिपाठी (सौरभ शुक्ला) बीच में फंसकर परेशान हो जाते हैं। सुभाष कपूर के निर्देशन में बनी यह फिल्म जॉली एलएलबी सीरीज़ की तीसरी किस्त है, जिसे देखकर फैंस में उत्साह चरम पर पहुंच गया है। स्टार स्टूडियोज़ ने इंस्टाग्राम पर टीज़र शेयर करते हुए लिखा – “पहली बार कोर्टरूम में दो-दो जॉली, अब होगा कॉमेडी, बवाल और टकराव!”
टीज़र की शुरुआत मजेदार और तानों से भरे कोर्टरूम सीन से होती है, जहां दोनों जॉली एक-दूसरे को मात देने की कोशिश करते हैं। कभी कानूनी दलीलों के तीर चलते हैं तो कभी हास्य के पंच, जिससे माहौल ठहाकों में डूब जाता है। जज त्रिपाठी की बेचैनी और उनकी तुनकमिज़ाजी टीज़र में चार चांद लगा देती है। अक्षय और अरशद दोनों ही अपनी पुरानी भूमिकाओं में लौटकर पहले से ज्यादा दमदार अंदाज में नजर आ रहे हैं, जबकि हुमा कुरैशी, अमृता राव और गजराज राव जैसे कलाकार भी कहानी में जान डालने के लिए तैयार हैं।
स्टार स्टूडियो 18 के बैनर तले बनी और आलोक जैन व अजीत अंधारे द्वारा प्रोड्यूस की गई ‘जॉली एलएलबी 3’ में हास्य, व्यंग्य और सामाजिक व्यथा का अनोखा मिश्रण देखने को मिलेगा। 19 सितंबर को रिलीज़ होने वाली यह फिल्म सिर्फ हंसी नहीं, बल्कि एक गहरी कोर्टरूम ड्रामा भी पेश करेगी, जहां मजाक-मस्ती के बीच कानून, सच और इंसाफ की गंभीर लड़ाई भी लड़ी जाएगी। फैंस का कहना है कि यह फिल्म इस साल की सबसे बड़ी ब्लैक कॉमेडी हिट साबित हो सकती है।












