गिरिडीह के समाहरणालय सभागार में जिला उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित हुई, जिसमें विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समावेशिता पर विशेष बल दिया गया। उपायुक्त ने बायोमेट्रिक उपस्थिति, विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा प्राप्त राशि के पारदर्शी उपयोग, स्मार्ट क्लास, ICT लैब, पुस्तकालय और शैक्षणिक वातावरण की गुणवत्ता पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर त्वरित कार्रवाई हेतु रिपोर्ट देने को कहा।

बैठक में समग्र शिक्षा, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, ई-विद्यावाहिनी, पोशाक, छात्रवृत्ति, पोषण वाटिका और मध्याह्न भोजन वितरण की स्थिति की समीक्षा हुई। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि शिक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और बच्चों को पौष्टिक मिड डे मील तथा सभी सरकारी योजनाओं का समय पर लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने नामांकन, उपस्थिति, शौचालय, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।













