एशिया कप 2025 का आगाज़ 9 सितंबर से UAE में होने जा रहा है और टीम इंडिया अपने खिताब बचाने की तैयारी में जुटी है। लेकिन इस बार असली रणनीति केवल नेट प्रैक्टिस तक सीमित नहीं, बल्कि खिलाड़ियों की फिटनेस रिपोर्ट पर भी निर्भर है। खासकर ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या, मिडिल ऑर्डर के भरोसेमंद बल्लेबाज श्रेयस अय्यर और टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव की उपलब्धता टीम के बैलेंस और जीत की संभावनाओं को सीधा प्रभावित करेगी। बीसीसीआई और टीम मैनेजमेंट फिटनेस टेस्ट के नतीजों का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं, क्योंकि इन्हीं पर टीम इंडिया का आधिकारिक स्क्वॉड तय होना है।
हार्दिक पंड्या के लिए अगले 48 घंटे बेहद अहम हैं, क्योंकि उनका फिटनेस टेस्ट 11 और 12 अगस्त को NCA, बेंगलुरु में होना है। हार्दिक पहले ही वहां पहुंच चुके हैं और फैंस को सोशल मीडिया के जरिए अपनी तैयारी की झलक भी दिखा चुके हैं। दूसरी ओर, श्रेयस अय्यर के फैंस के लिए अच्छी खबर यह है कि उन्होंने 27 से 29 जुलाई के बीच हुए फिटनेस टेस्ट को पास कर लिया है। पिछले साल T20 इंटरनेशनल खेले बिना भी उनके आईपीएल और घरेलू क्रिकेट के शानदार प्रदर्शन ने एशिया कप टीम में उनकी वापसी की उम्मीदों को मज़बूती दी है।
वहीं, सूर्यकुमार यादव की स्थिति थोड़ी चुनौतीपूर्ण है। जून में हार्निया ऑपरेशन के बाद से वह अभी रिकवरी मोड में हैं और पूरी फिटनेस हासिल करने में उन्हें एक हफ्ता और लग सकता है। फिलहाल वह NCA में फिजियो और मेडिकल टीम की निगरानी में रिहैब प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। एशिया कप का 21 दिनों का सफर जितना रोमांचक होगा, उतनी ही टेंशन अभी फैंस और मैनेजमेंट के चेहरे पर है, क्योंकि भारत का स्क्वॉड फिटनेस रिपोर्ट के बाद ही फाइनल होगा।












