Aba News

रक्षाबंधन पर गरजा ‘महावतार नरसिम्हा’, सलमान-अजय का रिकॉर्ड ध्वस्त

रक्षाबंधन के मौके पर एनिमेटेड फिल्म ‘महावतार नरसिम्हा’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार प्रदर्शन कर पूरे देश का ध्यान खींच लिया है। होम्बले फिल्म्स की महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स की पहली कड़ी के रूप में आई इस फिल्म ने न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता बल्कि 16वें दिन तक 145.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर 150 करोड़ क्लब में एंट्री की दहलीज पर पहुंच गई है। शुरुआत में 25 जुलाई को रिलीज के दिन महज 1.75 करोड़ रुपये से सफर शुरू करने वाली इस फिल्म का कलेक्शन समय के साथ उल्टा बढ़ा है, और रक्षाबंधन पर 19.50 करोड़ रुपये की कमाई कर यह साल की सबसे बड़ी सरप्राइज हिट बन गई।

सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक पहले हफ्ते में 44.75 करोड़ रुपये कमाने के बाद फिल्म की रफ्तार दूसरे हफ्ते में दोगुनी हो गई और इसने 73.4 करोड़ रुपये का घरेलू बॉक्स ऑफिस कलेक्शन कर लिया। 15वें दिन 7.5 करोड़ रुपये का कारोबार करने के बाद 16वें दिन छुट्टी के असर से फिल्म ने रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन किया। ‘महावतार नरसिम्हा’ ने आयुष्मान खुराना की ‘ड्रीम गर्ल’ (141.3 करोड़), अजय देवगन की ‘सिंघम रिटर्न्स’ (140.06 करोड़) और सलमान खान की ‘दबंग’ (140.22 करोड़) के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ते हुए भारतीय सिनेमा की 76वीं सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म का तमगा हासिल कर लिया है।

महज 15 करोड़ रुपये के बजट में बनी और अश्विन कुमार द्वारा निर्देशित इस फिल्म को पांच भाषाओं—हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम—में रिलीज किया गया है। दर्शकों के बीच इसकी लोकप्रियता इस बात का प्रमाण है कि कंटेंट और कहानी अगर दमदार हो तो बड़ी स्टारकास्ट के बिना भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर छा सकती है। ‘महावतार नरसिम्हा’ की सफलता न सिर्फ भारतीय एनीमेशन इंडस्ट्री के लिए मील का पत्थर है, बल्कि यह साबित करती है कि दर्शक नई और अनोखी कहानियों को खुले दिल से अपनाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें