Aba News

महेशलुंडी में ‘एक पेड़ बहन के नाम’ कार्यक्रम, जवानों ने रक्षा बंधन पर किया वृक्षारोपण व रक्तदान

गिरिडीह। ग्राम पंचायत महेशलुंडी उत्क्रमित उच्च विद्यालय के प्रांगण में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवानों ने रक्षा बंधन के अवसर पर अनोखी पहल करते हुए ‘एक पेड़ बहन के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया। छुट्टियों में घर लौटे गिरिडीह जिला के जवानों ने स्थानीय मुखिया शिवनाथ साव के सहयोग से इस कार्यक्रम को सफल बनाया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस उपाधीक्षक नीरज कुमार सिंह, मुखिया शिवनाथ साव और विद्यालय के प्रधानाध्यापक मौजूद थे। इस दौरान सीएपीएफ के जवानों के साथ उपायुक्त, मुखिया और विद्यालय प्रबंधन ने विद्यालय मैदान में वृक्षारोपण किया।

विद्यालय और नि:शुल्क शिक्षा केंद्र महेशलुंडी की बच्चियों ने जवानों को तिलक लगाकर राखी बांधी। वहीं उपायुक्त ने जवानों को माला पहनाकर उनके इस कार्य की सराहना की। कार्यक्रम में सीमा सुरक्षा बल से सेवानिवृत्त प्रयाग मंडल, महादेव दास और जितेंद्र तूरी को सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में उपायुक्त रामनिवास यादव ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के इस पर्यावरण संरक्षण अभियान की प्रशंसा करते हुए लोगों से अपील की कि वे भी रक्षा बंधन पर एक पेड़ बहन के नाम अवश्य लगाएं। मुखिया शिवनाथ साव ने कहा कि हमारे जवान देश की सीमाओं की रक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन कर रहे हैं, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है। पुलिस उपाधीक्षक नीरज कुमार सिंह ने भी इस पहल को सराहा।

इस अवसर पर जवानों ने गिरिडीह ब्लड बैंक में सात यूनिट रक्तदान भी किया। कार्यक्रम में सीमा सुरक्षा बल, सशस्त्र सीमा बल, आईटीबीपी और सीआरपीएफ के जवानों सहित पंचायत के कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें