गिरिडीह जिले के सरिया प्रखंड के सबलपुर पंचायत के नीमाटांड़ गांव को जोड़ने वाली पीसीसी सड़क हाल ही में हुई लगातार मूसलधार बारिश में बह गई, जिससे गांव का संपर्क मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। यह सड़क सरिया-राजधनवार एवं रांची-दुमका मार्ग को जोड़ती है और अस्पताल, अनुमंडल कार्यालय समेत अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचने का मुख्य रास्ता है। ग्रामीण बताते हैं कि इस मार्ग का निर्माण वर्षों पहले उन्होंने श्रमदान से किया था, लेकिन हालिया भारी बारिश ने इसे पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। अब स्थिति ऐसी है कि किसी भी समय आपात स्थिति में बड़ी समस्या खड़ी हो सकती है, क्योंकि वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस सड़क की दयनीय हालत को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन चुनाव के समय किए गए वादे सिर्फ कागज़ों में रह गए। नेताओं के जाने के बाद कोई इस समस्या की सुध लेने नहीं आया। लोगों का कहना है कि विभाग और जनप्रतिनिधि तत्काल सड़क के पुनर्निर्माण की पहल करें, ताकि आवागमन सामान्य हो सके और किसी तरह की दुर्घटना न हो। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि अगर प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।












