गिरिडीह, 07 अगस्त 2025 — झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ, जिला इकाई गिरिडीह की एक महत्वपूर्ण बैठक आज अपराह्न 4 बजे जे.सी. बोस परिहार में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चंद्रमणि प्रसाद ने की, जबकि संचालन की जिम्मेदारी जिला सचिव मोहम्मद अख्तर अंसारी ने निभाई। बैठक की शुरुआत झारखंड के महानायक और दिशोम गुरू शिबू सोरेन के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर की गई, जिसमें सभी सदस्यों ने उनके योगदान को याद करते हुए शोक व्यक्त किया।
बैठक में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। पहला निर्णय नवनियुक्त शिक्षकों की सेवा संपुष्टि को लेकर था, जिसे शीघ्र पूरा करने की आवश्यकता पर बल दिया गया। इसके साथ ही, संघ के सदस्यता अभियान को तेज करने तथा ज्यादा से ज्यादा शिक्षकों को संगठन से जोड़ने पर विशेष चर्चा हुई। तीसरे महत्वपूर्ण बिंदु में प्रखंड कार्यकारिणी के पुनर्गठन की आवश्यकता को रेखांकित किया गया, ताकि संघ का संचालन और प्रभावशाली तथा मजबूत हो सके।
चौथा विषय 2010 में नियुक्त और बहाल शिक्षकों से जुड़ा रहा, जिनका वरीय वेतनमान और पे फिक्सेशन अब तक लंबित है। इसके लिए संघ ने जल्द से जल्द ठोस पहल करने का निर्णय लिया। वहीं 2023 में नियुक्त शिक्षकों की लंबित सेवा संपुष्टि को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी से वार्ता करने का भी निर्णय लिया गया ताकि उनकी प्रक्रिया शीघ्र पूरी हो सके और उन्हें समय पर लाभ मिल सके। इन सभी मुद्दों पर संघ ने एकजुट होकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।
इस बैठक में कई वरिष्ठ सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें जिला संयोजक मुन्ना प्रसाद कुशवाहा, कोषाध्यक्ष मिथुन राज, राजेश कुमार सिंह, दीपक राय, जितेन्द्र विश्वकर्मा, बसंत कुमार, मनीष कुमार, महेन्द्र कुमार, महेंद्र प्रसाद दांगी, केशरी नंदन, मो. इरशाद अंसारी, कुबेर कुमार राय, विकाश कुमार, नारायण मुर्मू, ब्रजेश कुमार देव, मुकेश कुमार पांडेय, निवास त्रिवेदी, ओमप्रकाश राय, इन्द्रदेव साव, जितेंद्र कुमार भगत, अविनाश कुमार पांडेय, रमेश चंद्र झा, मो. इमरान, इत्यादि शामिल थे। बैठक सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और सभी उपस्थित सदस्यों ने संघ को मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।












