गिरिडीह के देवरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मनकडीहा निवासी 25 वर्षीय मोहम्मद साहिल अंसारी की हत्या मामले में गुरुवार को राजद जिला अध्यक्ष इरफान आलम के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने डीसी और एसपी के नाम ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि 22 जुलाई को रात में साहिल घर से निकला था और अगली सुबह उसका शव चतरो पूर्णाबथान में चेतन तुरी के घर खिड़की से लटका मिला।
परिजनों का आरोप है कि चेतन तुरी, उसकी पत्नी, ज्योति कुमारी और अशोक तुरी ने मिलकर साजिश के तहत साहिल की हत्या की। घटना को 17 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है, जिससे आक्रोश व्याप्त है। मौके पर गिरेंद्र यादव, मंजूर आलम, सादिक अंसारी समेत कई लोग मौजूद रहे और न्याय की मांग की।












