गिरिडीह अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद की राष्ट्रीय महिला परिषद एवं ओजश्वीनी की ओर से आज रक्षाबंधन का पर्व खास अंदाज में मनाया गया। परिषद की महिला सदस्यों ने मुफ्फसिल थाना और पंचंबा थाना पहुंचकर वहां तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को राखी बांधी और उनके कर्तव्यों को सम्मान देते हुए सुरक्षा का संकल्प लिया। इस अवसर पर परिषद की राष्ट्रीय महिला अध्यक्षा पूनम सिन्हा ने कहा कि यह राखी केवल धागा नहीं, बल्कि समाज की तरफ से प्यार, सम्मान और विश्वास की डोरी है।

उन्होंने कहा कि अपने परिवार से दूर रहकर हर परिस्थिति में सेवा देने वाले पुलिसकर्मी हमारे लिए पर्वों पर भी डटे रहते हैं, ऐसे में यह हमारा नैतिक कर्तव्य है कि हम उन्हें यह एहसास दिलाएं कि वे अकेले नहीं हैं। कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष रवि शंकर पांडेय, जिला अध्यक्ष रितेश पांडेय, ओजश्वीनी की काजल कुमारी, नेहा कुमारी, पिंकी कुमारी, सोनाली कुमारी, शिवानी कुमारी, विनीता कुमारी, अंकिता कुमारी, पलक सिन्हा, नीलम कुमारी सहित हिंदू हेल्पलाइन के जिला अध्यक्ष राम बाबू गुप्ता, कुंदन केशरी समेत दर्जनों महिलाएं शामिल थीं।













