गिरिडीह झारखंड के स्वास्थ्य अपर मुख्य सचिव अजय कुमार , गिरिडीह के सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुंचे, जहां उन्होंने अस्पताल परिसर और विभिन्न वार्डों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की जर्जर व्यवस्था, गंदगी और अव्यवस्थित स्वास्थ्य सेवाएं देख वे खासे नाराज़ नजर आए। मौके पर मौजूद अधिकारियों को उन्होंने फटकार लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर गंभीर है, लेकिन ज़मीनी स्तर पर सुधार की रफ्तार बेहद धीमी और असंतोषजनक है।

उन्होंने तीन महीने के भीतर अस्पताल की व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाने की बात कही और कहा कि स्टाफ की कमी, उपकरणों की अनुपलब्धता और बुनियादी सुविधाओं की पूर्ति के लिए तेज़ी से कार्रवाई की जाएगी। अजय कुमार ने यह भी घोषणा की कि जल्द ही गिरिडीह सदर अस्पताल में MRI जांच की सुविधा शुरू की जाएगी, जिससे मरीजों को अन्य शहरों में भटकना नहीं पड़ेगा। निरीक्षण के बाद उन्होंने साफ कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुधार हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा।













