गिरिडीह रोटरी क्लब ऑफ़ गिरिडीह ग्रेटर के तत्वावधान में गुरुवार को गादी श्रीरामपुर स्थित JPP इंटरनेशनल स्कूल में एक दिवसीय दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में करीब 300 विद्यार्थियों के दाँतों की जांच की गई। जांच का कार्य क्लब के सदस्य और वरिष्ठ दंत चिकित्सक रो. डॉ. निखिल अग्रवाल एवं डॉ. खुशबू गर्ग द्वारा किया गया। शिविर के दौरान बच्चों को डेंटल किट वितरित की गई और दंत स्वच्छता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

बच्चों को सही तरीके से ब्रश करना, खानपान में संतुलन रखना और नियमित दंत परीक्षण की आवश्यकता के बारे में जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त, “दो चम्मच कम, चार कदम आगे” विषय पर एक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई जिसमें बच्चों को जीवनशैली में सुधार और स्वस्थ आदतों के विकास पर बल दिया गया। कार्यक्रम की सफलता में पूर्व अध्यक्ष सुजय राज गुप्ता, अध्यक्ष सीए शंकर अग्रवाल, सचिव सीए रवि गाड़िया, कोषाध्यक्ष सीए दीपक सोंथालिया, राजेंद्र तरवे, अनिल मिश्रा और स्कूल प्रबंधन के अमित पांडे, त्रिलोकी नाथ पांडे एवं विद्यालय के समस्त शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।













