गिरिडीह-डुमरी राष्ट्रीय राजमार्ग 114A पर स्थित बराकर पुल के समीप मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें दो चार पहिया वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में स्कार्पियो (JH04AD0353) और मारुति सिडान (UP32HB5655) वाहन क्रमशः असंतुलित होकर पेड़ से टकरा गए। दोनों वाहनों की टक्कर और पेड़ से टकराने के कारण गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटनास्थल के पास चाय की दुकान चलाने वाली महिला ने बताया कि रात को तेज आवाज सुनकर बाहर निकलीं तो दोनों वाहन दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में दिखे और उसमें सवार लोग घायल हो चुके थे। सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। गौरतलब है कि इसी पुल पर कुछ दिन पहले भी दुर्घटना हुई थी, जिसके बाद सड़क के दोनों ओर स्पीड ब्रेकर बनाए गए थे, फिर भी हादसों में कमी नहीं आ रही है। स्थानीय लोग इन हादसों को तेज रफ्तार और सड़क पर उचित संकेतों की कमी का परिणाम मान रहे हैं।












