गिरिडीह के बरगंडा रोड स्थित रजनीकांत डोसा सेंटर में मंगलवार को राधा रानी ग्रुप की ओर से सावन महोत्सव का रंगारंग आयोजन किया गया। कार्यक्रम की संयोजक स्नेहा गुप्ता थीं, जिन्होंने सावन की उमंग को खास अंदाज़ में सजाया। किटी पार्टी के साथ शुरू हुए इस आयोजन में सभी महिलाएं हरे परिधान और पारंपरिक सिंगार में सजी-धजी नज़र आईं। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई, जिसके बाद गेम, संगीत और नृत्य की धूम मच गई।

महिलाओं ने मिलकर पूरे आयोजन को उल्लास और उत्साह से भर दिया। सावन के गीतों पर झूमती महिलाएं वातावरण को जीवंत कर रही थीं। कार्यक्रम के अंत में लजीज व्यंजनों का भी आनंद लिया गया। आयोजकों ने कहा कि सावन का महीना रिश्तों को और प्रगाढ़ बनाने का समय होता है।

इस मौके पर वार्ड पार्षद आरती गुप्ता, शालिनी गुप्ता, ब्यूटी गुप्ता, काजल गुप्ता, अनुराधा गुप्ता और रेखा गुप्ता समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। महोत्सव ने सावन की खुशबू और सौंदर्य को एक नई ऊंचाई दी।













