गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित आदर्श नगर घाट के कब्रिस्तान के पास उसरी नदी से मंगलवार दोपहर 40 वर्षीय नुनुलाल हेंब्रम का शव बरामद किया गया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक भलसुमिया का निवासी था, जो सोमवार सुबह शौच के लिए नदी किनारे गया था। स्थानीय ग्रामीण सुशील शर्मा के अनुसार, पांव फिसलने से वह नदी के तेज बहाव में बह गया।

परिजनों और ग्रामीणों ने दिनभर खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। अगले दिन उसका शव नदी में तैरता मिला। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। नुनुलाल के असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। स्थानीय लोग इस दुखद घटना को लेकर गमगीन हैं और प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा उपायों की मांग कर रहे हैं।












