झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और आदिवासी समाज की मज़बूत आवाज़ दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर 4 अगस्त को गिरिडीह समाहरणालय में शोक सभा आयोजित की गई। जिला उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में अधिकारियों और कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी।

उपायुक्त ने कहा कि शिबू सोरेन का जीवन संघर्ष और समर्पण का प्रतीक रहा, जिन्होंने आदिवासी समाज के अधिकारों और सम्मान के लिए आजीवन संघर्ष किया। झारखंड राज्य की स्थापना में उनकी भूमिका अमिट रही है और यह राज्य उनके योगदान को सदैव स्मरण रखेगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। सभी ने दिवंगत नेता की आत्मा की शांति और उनके परिजनों को इस दुख की घड़ी में शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की।













