गिरिडीह में आज पतंजलि परिवार द्वारा आचार्य शिरोमणि बालकृष्ण जी महाराज के जन्मदिवस के अवसर पर जड़ी-बूटी दिवस धूमधाम से मनाया गया। आयुर्वेद को पुनर्जीवित करने वाले और असाध्य रोगों के लिए प्राकृतिक उपचार खोजने वाले आचार्य बालकृष्ण जी के योगदान को याद करते हुए यह दिन पूरे भारत में औषधीय पौधों के प्रचार-प्रसार हेतु समर्पित किया जाता है। इसी कड़ी में गिरिडीह के सोनवाद क्षेत्र में विजय बरनवाल के कैंपस में हरसिंगार, नींबू, एलोवेरा, तुलसी, गिलोय, कदंब, नीम आदि औषधीय पौधों का वृक्षारोपण किया गया।

वहीं, भंडारीडीह के पास स्थित भूपेंद्र सिंह के पेट्रोल पंप परिसर में दोपहर 1 बजे से पौधों का वितरण और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें राहगीरों को औषधीय गुणों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का नेतृत्व भारत स्वाभिमान न्यास के जिला प्रभारी नवीन कांत सिंह ने किया। कार्यक्रम में संगठन मंत्री देवेंद्र सिंह, युवा प्रभारी रणधीर गुप्ता, मीडिया प्रभारी पुष्पा शक्ति सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल हुए। सरिया, राजधनवार, जमुआ, बिरनी, पीरटांड़ व बेंगाबाद प्रखंडों में भी यह आयोजन हुआ। उपस्थित जनों में निर्मल कौर, मनजीत सिंह, पिंकी खेतान, प्रभात खेतान सहित कई लोगों ने भाग लिया और इसे सफल बनाया।













