Aba News

एयर इंडिया की उड़ान में कॉकरोच से मचा हड़कंप, एयरलाइन ने मांगी माफी

मुंबई: अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI180 में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब यात्रियों ने फ्लाइट के अंदर कॉकरोच देखे। घटना के बाद दो यात्रियों ने इसकी शिकायत केबिन क्रू से की, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उनकी सीटें बदल दी गईं। हालांकि इस असहज अनुभव के चलते सोशल मीडिया पर एयर इंडिया को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा।

एयरलाइन ने सफाई देते हुए कहा कि फ्लाइट की कोलकाता में डीजल भरने के लिए अस्थायी लैंडिंग हुई थी, जहां ग्राउंड स्टाफ ने विमान की गहन सफाई करवाई। इसके बाद विमान को निर्धारित समय पर मुंबई के लिए रवाना किया गया। हालांकि, एयर इंडिया ने स्वीकार किया कि यात्रियों को असुविधा हुई और इसके लिए उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है।

बयान में एयर इंडिया ने यह भी कहा कि उनकी ओर से नियमित रूप से विमानों में फ्यूमिगेशन और कीट नियंत्रण का कार्य किया जाता है, लेकिन फिर भी जमीन पर खड़ा होने के दौरान कुछ कीड़े विमान में घुस सकते हैं। कंपनी ने कहा कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

एयर इंडिया ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा उनकी पहली प्राथमिकता है, और इस घटना से जो असुविधा हुई, उसके लिए वे हृदय से क्षमा मांगते हैं। “हम उपयुक्त सुधारात्मक कदम उठाएंगे ताकि आगे ऐसा कोई भी अनुभव हमारे यात्रियों को न झेलना पड़े,”—ऐसा बयान एयरलाइन ने अपनी ओर से दिया है। घटना ने एक बार फिर हवाई सफर की गुणवत्ता और निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें