गिरिडीह में कला संगम के तत्वावधान में आयोजित सावन महोत्सव की संगीतमय शाम ने श्रोताओं को सुरों के समुंदर में डुबो दिया। गुरु वीरेंद्र नारायण सिंह की स्मृति में अधिवक्ता संघ भवन सभागार में रविवार को हुए इस कार्यक्रम में शास्त्रीय और सुगम संगीत की अनुपम छटा बिखरी। दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुए समारोह में पंडित सम्भुदयाल केडिया ,पूर्व मंत्री चंद्रमोहन प्रसाद, प्रकाश सहाय, पंकज ताह, सतीश कुंदन सहित कला संगम के अन्य पदाधिकारियों ने संगीत साधना को श्रद्धांजलि दी।

अमेक्षा सिन्हा और प्राची की गणेश वंदना से शुरू हुए कार्यक्रम में हारमोनियम पर ओरित चंद्रा और तबले पर सुनील लाभ ने सुरों का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे अंतर्राष्ट्रीय कलाकार केडिया बंधु — पंडित मोरमुकुट केडिया और पंडित मनोज केडिया, जिन्होंने राग यमन की मनमोहक प्रस्तुति दी। गुरु वीरेंद्र नारायण सिंह को श्रद्धांजलि स्वरूप उनके पुत्र रविशंकर सिंह ने तबला संगत की।

विजय सिन्हा,नयनदीप सिन्हा, राजीव चंद्रा, रूही सिन्हा, अचल सिन्हा, वीणा भारती, और अभिनव आदित्य जैसे कलाकारों ने भजन, ग़ज़ल, लोकगीत व गिटार वादन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन सतीश कुंदन व मनोज मुन्ना ने किया। कार्यक्रम में काफी संख्या में संगीत प्रेमी मौजूद थे













