गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में फेबर ब्लॉक की चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। आरोप भूदेव चौधरी नामक संवेदक पर है, जिसने कथित रूप से सड़क निर्माण के दौरान उखाड़े गए फेबर ब्लॉकों को चोरी कर झिंझरी मोहल्ला स्थित एक खाली जमीन पर डंप कर रखा था। नगर निगम को जैसे ही इसकी जानकारी मिली, उप नगर आयुक्त के निर्देश पर छापेमारी कर जेसीबी और ट्रैक्टर की सहायता से लगभग 40 ट्रैक्टर फेबर ब्लॉक जब्त किए गए।

जानकारी के अनुसार, इन ब्लॉकों को बेचने की तैयारी चल रही थी। फिलहाल नगर निगम की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है और भूदेव चौधरी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई नगर निगम की सजगता और तत्परता का परिचायक है, जिससे शहरी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकी है।













