Aba News

गिरिडीह कॉलेज के पास बेंगाबाद प्रशासन का तंबाकू विरोधी अभियान: भारी मात्रा में गुटखा, सिगरेट जब्त, दुकानदारों में मचा हड़कंप

गिरिडीह: शनिवार को गिरिडीह कॉलेज के पास स्थित दुकानों में तंबाकू और नशीले पदार्थों के खिलाफ बेंगाबाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए विशेष अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व बेंगाबाद की अंचल अधिकारी (CO) प्रियंका प्रियदर्शी ने किया। उनके साथ अंचल विभाग के कर्मचारी और बड़ी संख्या में सुरक्षा बल मौजूद रहे। अचानक शुरू हुए इस अभियान से स्थानीय दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
इस कार्रवाई के दौरान कई दुकानों की गहन तलाशी ली गई, जिसमें अलग-अलग कंपनियों के गुटखा, सिगरेट, खैनी और अन्य तंबाकू उत्पाद भारी मात्रा में बरामद किए गए। CO प्रियंका प्रियदर्शी ने खुद दुकानों के अंदर जाकर जांच की और सख्त लहजे में दुकानदारों को चेताया कि नशीले और प्रतिबंधित पदार्थों की बिक्री को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एक दुकान में जली हुई सिगरेट भी पाई गई, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही थी।
इस अभियान में सर्किल इंस्पेक्टर अशोक कुमार दास, कर्मचारी अमर सिंह, केवल राउत, रोहित कुमार वर्मा सहित अंचल विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे। टीम ने न केवल जब्त किया गया माल कब्जे में लिया, बल्कि दुकानदारों को नियमों की जानकारी भी दी और भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी।
बेंगाबाद प्रशासन की इस कार्रवाई को स्थानीय लोगों ने सराहा है। लोगों का कहना है कि कॉलेज के आसपास इस तरह के नशीले उत्पादों की बिक्री से युवाओं पर बुरा प्रभाव पड़ता है। ऐसे ठोस कदमों से न सिर्फ समाज में सुधार आएगा, बल्कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोका जा सकेगा। प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि आगे भी इस तरह की छापेमारी लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें