Aba News

झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन देर रात बाथरूम में गिरे, मेदांता अस्पताल में चल रहा इलाज

झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन शुक्रवार रात एक गंभीर हादसे का शिकार हो गए। वे अपने सरकारी आवास पर देर रात बाथरूम में अचानक गिर पड़े। गिरने की आवाज़ सुनकर घरवालों में अफरा-तफरी मच गई। मंत्रीजी को आनन-फानन में जमशेदपुर स्थित टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक जांच में डॉक्टरों ने सिर में गंभीर चोट की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि सोरेन जी को गिरने के बाद ब्रेन इंजरी हुई है, और स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत दिल्ली के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, रामदास सोरेन की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन सतर्कता के लिहाज़ से डॉक्टरों की चार सदस्यीय विशेष टीम लगातार निगरानी कर रही है। उन्हें एंबुलेंस से जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट ले जाया गया, जहां से उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए दिल्ली रवाना किया गया। उनके साथ पत्नी, बेटा और करीबी सहयोगी कुणाल सारंग भी दिल्ली गए हैं। दिल्ली के मेदांता अस्पताल में अब न्यूरोलॉजिस्ट की निगरानी में उनका इलाज शुरू हो चुका है।

इस खबर ने झारखंड की सियासत में हलचल पैदा कर दी है। राज्य सरकार के मंत्री और कांग्रेस नेता इरफान अंसारी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “बड़े भाई रामदास सोरेन के ब्रेन में ब्लड क्लॉट है, उन्हें एयरलिफ्ट कर दिल्ली के मेदांता ले जाया गया है।” उन्होंने आगे कहा कि वह लगातार मंत्री की स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और सभी से दुआ करने की अपील की। अंसारी की पोस्ट ने लोगों के बीच चिंता और अफवाहों को और भी हवा दी है।

रामदास सोरेन का इस तरह अचानक गिरना और सिर में गंभीर चोट लगना, कई सवाल खड़े कर रहा है। कुछ राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि क्या यह वास्तव में सिर्फ एक हादसा है, या कोई अंदरूनी साजिश? हालांकि, अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है जो इस दिशा में इशारा करता हो, लेकिन शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभाग को संभालने वाले मंत्री की तबीयत बिगड़ना, राज्य प्रशासन के लिए एक बड़ी चिंता जरूर बन गया है।

रामदास सोरेन झारखंड के आदिवासी समाज से आने वाले एक वरिष्ठ और प्रभावशाली नेता हैं। शिक्षा मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल अब तक सुर्खियों में रहा है — कई जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर उन्होंने पहल की थी। इस समय पूरा झारखंड, विशेषकर घोड़ाबांदा और कोल्हान क्षेत्र, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की दुआ कर रहा है। सरकार की ओर से अभी तक कोई विस्तृत मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं हुआ है, लेकिन मेदांता की टीम से अगले 24 घंटों में हेल्थ अपडेट आने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें