गिरिडीह शहर के झंडा मैदान के पास डिस्ट्रिक्ट जज आवास परिसर में लगा एक विशाल पेड़ गुरुवार रात तेज बारिश के कारण गिर गया, जिससे मुख्य सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। पेड़ गिरने के कारण सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स और जज आवास की बाउंड्री भी क्षतिग्रस्त हो गई।

प्रशासन ने वैकल्पिक रूट डायवर्ट किया, जिससे शहर के अन्य मार्गों पर शुक्रवार को भारी जाम की स्थिति बन गई। सुबह से ही प्रशासन की टीम पेड़ हटाने के लिए मशीनी उपकरणों और मजदूरों के सहयोग से कार्य में जुटी रही, लेकिन पेड़ के अत्यधिक विशाल होने के कारण शुक्रवार शाम तक भी मार्ग पूरी तरह से साफ नहीं हो पाया था। प्रशासन द्वारा राहत कार्य जारी है और जल्द ही आवागमन बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।













