गिरिडीह में शुक्रवार को जिले के राशन डीलरों ने जिला आपूर्ति विभाग और प्रशासन के खिलाफ समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय धरना दिया। डीलर संघ के प्रतिनिधि राजा बंसल और पंकज पांडेय के नेतृत्व में हुए इस विरोध में बकाया कमीशन भुगतान, समय पर स्टॉक की आपूर्ति नहीं होना और विभागीय दबावपूर्ण कार्यशैली जैसे गंभीर मुद्दों को उठाया गया।

डीलरों ने आरोप लगाया कि कोविड काल में कुछ को आंशिक कमीशन दिया गया, जबकि बाकी आज भी भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना था कि जब तक एक माह पहले स्टॉक नहीं मिलेगा, तब तक शत-प्रतिशत वितरण संभव नहीं। उन्होंने सरकार पर भी वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि 5जी आ गया, लेकिन राशन व्यवस्था अब भी पुराने ढर्रे पर है। धरने में राजेश बंसल, अमित कुमार, कैदन बरनवाल समेत दर्जनों डीलर शामिल हुए। डीलरों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन तेज होगा।












