गिरिडीह-धनबाद मुख्य मार्ग पर ताराटांड थाना क्षेत्र के मोहलीडीह के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक और वैगनआर कार की सीधी टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार महिला सबिया देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति रामचंद्र महतो गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों धनबाद से इलाज कराकर बाइक से अपने घर जमुआ लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ।
मृतका की पहचान जमुआ थाना क्षेत्र के परतापुर निवासी के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही ताराटांड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, साथ ही घायल पति को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद अस्पताल में परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।












