गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र के खोजाटोल गांव में मंगलवार को जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जब दो पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे व धारदार हथियार चले। देखते ही देखते दोनों ओर से लोग भाला-तलवार लेकर एक-दूसरे की जान के दुश्मन बन बैठे। इस हिंसक झड़प में कुनी महथा (60), सुखनी देवी (55), संजय महथा (38), कौशल्या देवी (55) और गुंजा कुमारी (16) घायल हो गए।
सभी घायलों को इलाज के लिए देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से कुनी महथा और सुखनी देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें गिरिडीह रेफर कर दिया गया है। बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच पूर्व से ही जमीन को लेकर तनाव था, जो मंगलवार को हिंसा में बदल गया। मामूली गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही देवरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। गांव में अब भी तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।












