गिरिडीह शहर में सड़क हादसों को रोकने के लिए भाजपा नेत्री प्रो. विनीता कुमारी ने एक छोटा लेकिन प्रभावशाली कदम उठाया। पचंबा रोड स्थित मोहनपुर रेड चिली और विशनपुर चर्च के सामने सड़क के बीच खड़े पेड़ों पर उन्होंने और उनकी टीम ने रेडियम स्टीकर चिपकाए ताकि रात में आने-जाने वाले वाहन चालकों को दूर से ही खतरे का आभास हो सके।

प्रो. विनीता ने बताया कि गिरिडीह में सड़क निर्माण के दौरान जगह-जगह गड्ढे, अधूरे डिवाइडर और बीच सड़क पर पेड़ दुर्घटनाओं की वजह बन रहे हैं। इन हालातों को देखते हुए उनकी टीम ने पेड़ों पर रेड-येलो रिफ्लेक्टिव स्टीकर लगाकर यह संदेश देने की कोशिश की कि छोटी पहलें भी बड़ी दुर्घटनाओं को टाल सकती हैं। उन्होंने प्रशासन, वन विभाग और ठेकेदारों से अपील की कि सड़क सुरक्षा को लेकर त्वरित कदम उठाएं। इस अभियान में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष यदुनंदन पाठक, नगर मंत्री समीर दीप, पवन कंधवे, अमित आर्या, सुरेश गुप्ता, अनिल साव सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।













