गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदनडीह निवासी राजेश पांडे मंगलवार दोपहर उसरी नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव में बह गया। राजेश अपने छोटे भाई अनुज पांडे के साथ नहा रहा था, तभी अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों ने अनुज को तो बचा लिया, लेकिन राजेश का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सघन तलाशी अभियान शुरू कराया गया। प्रशासन ने लगातार हो रही बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से अपील की है कि वे नदी या नाले के पास न जाएं। लापरवाही जानलेवा हो सकती है। परिजनों और ग्रामीणों की आंखें अब भी किसी चमत्कारिक खबर का इंतजार कर रही हैं।













