गिरिडीह जिले के पचंबा थाना क्षेत्र के तेलोडीह पंचायत सचिवालय में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने मात्र 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तेलोडीह निवासी असगर अंसारी को गिरफ्तार किया है और उसके पास से चोरी किए गए कंप्यूटर का सीपीयू, मॉनिटर, की-बोर्ड, माउस और प्रिंटर बरामद किया गया है। पचंबा इंस्पेक्टर मंटू कुमार और थाना प्रभारी राजीव कुमार ने प्रेसवार्ता कर मामले की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 27 जुलाई की रात को सचिवालय में चोरी की घटना हुई थी, जिसकी शिकायत स्थानीय मुखिया सब्बीर आलम ने थाने में दी थी। शिकायत के आधार पर एसपी डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा। पुलिस की इस फुर्तीली कार्रवाई से इलाके में राहत का माहौल है, वहीं चोरी की वारदात के शीघ्र उद्भेदन को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस की सराहना की है।












