झारखंड की राजधानी रांची की सड़कें इन दो दिनों में ‘नो एंट्री जोन’ में तब्दील होने वाली हैं। वजह है — देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का बहुचर्चित दौरा। राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए प्रशासन ने बड़े पैमाने पर ट्रैफिक रूट में बदलाव किया है। भारी वाहन ही नहीं, छोटे मालवाहकों, ऑटो और टोटो तक को रोकने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
31 जुलाई को सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक सभी भारी वाहनों पर रांची में नो एंट्री लागू रहेगी। वहीं शाम 3 बजे से रात 8 बजे तक छोटे मालवाहकों की एंट्री पर भी रोक रहेगी। अगले दिन 1 अगस्त को भी यही स्थिति बनी रहेगी, जब सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक बड़े वाहनों और सुबह 7 से 11 बजे तक छोटे मालवाहकों का प्रवेश वर्जित रहेगा। प्रशासन ने यह साफ कर दिया है कि परिस्थितियों के अनुसार, कुछ सड़कों को पूरी तरह सील भी किया जा सकता है। यानी ये दो दिन शहर की रफ्तार थमेगी… और यातायात पूरी तरह कंट्रोल में रहेगा।
31 जुलाई को शाम 4 से 7 बजे तक कांके, रातू, काठीटांड, दलादली और कटहल मोड़ की ओर जाने वाले वाहन मेन रोड, लालपुर रोड, कांटाटोली फ्लाइओवर और बूटी मोड़ होते हुए रिंग रोड से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। बाहर से आने वाले वाहन कांके रिंग रोड, बोड़ेया रोड और बूटी मोड़ होकर शहर में प्रवेश कर सकेंगे। वहीं एयरपोर्ट रोड, बिरसा चौक, अरगोड़ा चौक, सहजानंद चौक जैसे इलाकों से इस दौरान यात्रा से बचने की सख्त सलाह दी गई है। शाम 4:30 से 6:30 बजे तक हॉटलिप्स चौक से अरगोड़ा चौक तक ऑटो और टोटो की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।
1 अगस्त को सुबह 7 से 10 बजे तक वही बाहरी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन भी रिंग रोड से डायवर्ट होकर ही अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। बाहर से आने वाले वाहनों के लिए कांके रिंग रोड और कांटाटोली फ्लाइओवर से एंट्री निर्धारित की गई है। इसी दौरान एयरपोर्ट रोड से लेकर राजभवन मोड़ तक सफर से बचने की सलाह जारी की गई है। सुबह 8 से 10 बजे तक हॉटलिप्स चौक से अरगोड़ा चौक तक कोई भी ऑटो-टोटो नहीं चलेगा। आम जनता से प्रशासन ने अनुरोध किया है कि वे इन दो दिनों में गैर-जरूरी यात्रा टालें, और यदि यात्रा करना जरूरी हो तो केवल वैकल्पिक रूट या पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा का ही उपयोग करें।












