गिरिडीह जिले के पंजाबी मुहल्ला में सोमवार सुबह अचानक अफरा-तफरी मच गई जब धनबाद से आई ACB की पांच गाड़ियों ने सरकारी कर्मचारी प्रदीप गोस्वामी के घर पर दबिश दी। टीम ने उनके घर को चारों ओर से घेरकर छापेमारी शुरू कर दी, वहीं बाहर भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती भी देखी गई। बताया जा रहा है कि प्रदीप गोस्वामी पूर्व में जिला स्थापना शाखा में कार्यरत थे और फिलहाल पीरटांड प्रखंड कार्यालय में पदस्थापित हैं। सूत्रों की मानें तो गोस्वामी पर पहले से ही आय से अधिक संपत्ति का मामला चल रहा है, ऐसे में एक बार फिर ACB की कार्रवाई ने चर्चाओं को हवा दे दी है। हालांकि, इस पूरी छापेमारी पर ACB टीम ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। पूरे इलाके में लोग इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगा रहे हैं।












