गिरिडीह, 28 जुलाई 2025 – समाहरणालय सभागार में आज जिला उपायुक्त श्री रामनिवास यादव की अध्यक्षता में जिला बाल कल्याण और संरक्षण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में बच्चों के अधिकार, कल्याण और सुरक्षा को लेकर गंभीर चर्चा हुई। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि हर बच्चे को एक ऐसा सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए, जहां उसकी शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत चल रहे सभी घटकों जैसे बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर, बाल कल्याण समिति और किशोर न्याय बोर्ड की समीक्षा की गई। उन्होंने चाइल्ड प्रोटेक्शन पॉलिसी, वल्नेरेबिलिटी मैपिंग, बाल श्रम, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, और सड़क पर रहने वाले बच्चों की शिक्षा जैसे मुद्दों पर ठोस कार्रवाई के निर्देश दिए। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे विशेष परिस्थितियों में रहने वाले किशोरों की सुरक्षा और समग्र विकास के लिए संवेदनशील और सक्रिय भूमिका निभाएं। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे। यह बैठक बाल संरक्षण ढांचे को मजबूत करने और विभागीय समन्वय को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।












