जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में ऑपरेशन महादेव के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। हरवान के जंगलों में चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान अब तक तीन आतंकियों को मार गिराया गया है। माना जा रहा है कि ये आतंकी इसी साल अप्रैल में पहलगाम में हुए आतंकी हमले से जुड़े हो सकते हैं, जिसमें 26 निर्दोष नागरिकों की जान गई थी।
सोमवार सुबह खुफिया इनपुट के आधार पर हरवान के मुलनार इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। जैसे ही सुरक्षाबलों ने संदिग्ध हलचल देखी, आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सेना, सीआरपीएफ, पुलिस और 50 व 24 राष्ट्रीय राइफल्स की संयुक्त टीम ने तीन आतंकियों को ढेर कर दिया।
मुठभेड़ के दौरान दो अन्य आतंकियों के घायल होने की आशंका है। अभी पूरे इलाके में तलाशी अभियान जारी है। सेना की चिनार कोर ने पुष्टि की है कि ऑपरेशन अब भी एक्टिव है और मारे गए आतंकियों की पहचान और संगठन संबंधी जानकारी एकत्र की जा रही है।
बताया जा रहा है कि ये आतंकी लंबे समय से सक्रिय और वांछित थे। हालिया खुफिया इनपुट में यह भी सामने आया था कि ये दहशतगर्द दाछिगाम की ओर मूव कर सकते हैं। ऐसे में सुरक्षा बलों की ये सटीक कार्रवाई बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकती है।












