गिरिडीह के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत महेशलुंडी गांव में पारिवारिक विवाद से तंग आकर रंजू देवी नामक महिला ने सोमवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतका के पति गणेश दास ने बताया कि वह रोज़ की तरह काम पर गए हुए थे, तभी शाम में बेटी ने फोन कर घटना की सूचना दी।
आनन-फानन में घर पहुंचकर उन्होंने पत्नी के शव को फंदे से उतारकर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, घर में लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था और आज भी इसी को लेकर अनबन हुई थी, जिसके बाद रंजू ने यह आत्मघाती कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।












