देवघर के चितरा स्थित ईसीएल की एसपी माइंस में अब हर रविवार काम पूरी तरह बंद रहेगा। प्रबंधन ने घाटे से उबरने के लिए यह बड़ा फैसला लिया है। बीते 19 दिनों से जामताड़ा रेलवे साइडिंग के लिए कोयला ढुलाई ठप है, जिससे कोलियरी को 25 करोड़ का नुकसान झेलना पड़ा। अनफिट गाड़ियों पर रोक के चलते यह संकट और गहरा गया है। अब प्रबंधन ने बचत के लिए छुट्टी के दिन का महंगा कामकाज भी बंद करने का आदेश जारी कर दिया है।
इस फैसले से नाराज कोलियरी कर्मचारी आज सुबह से ही कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए हैं। उनका कहना है कि रविवार को काम कर उन्हें दो दिन की मजदूरी मिलती थी, जिसे अब छीन लिया गया है। कर्मचारियों ने प्रबंधन पर सारा बोझ थोपने का आरोप लगाया है। वहीं, प्रबंधन का कहना है कि तिमाही लक्ष्य से 48% पीछे चल रही कोलियरी को बचाने के लिए यह कदम जरूरी है। हालाँकि कोयला ढुलाई बहाल करने की कोशिशें भी चल रही हैं।













