गिरिडीह। आज गिरिडीह के बूथ संख्या 243 स्थित पंचायत भवन सिरसिया के समीप निवर्तमान मेयर सुनील पासवान ने अपने आवासीय कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रसारित मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को स्थानीय लोगों के साथ मिलकर सुना। इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और स्थानीय कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने गंभीरता से प्रधानमंत्री के विचारों को सुना और उन पर चर्चा भी की।
आज के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने देश के लिए गर्व का विषय बने अंतरिक्ष मिशन और विज्ञान की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने हाल ही में अंतरिक्ष से लौटे भारतीय यात्री सुधांशु शुक्ला का विशेष उल्लेख किया और कहा कि यह क्षण न केवल उनके लिए बल्कि पूरे देशवासियों के लिए गौरवपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने युवाओं को विज्ञान और तकनीक की ओर प्रेरित करते हुए भारत की वैश्विक प्रगति को रेखांकित किया।
इसके अलावा प्रधानमंत्री ने आगामी त्योहारों की चर्चा करते हुए देशवासियों को शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि ये पर्व भारत की सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। उन्होंने समाज के हर वर्ग से अपील की कि वे मिल-जुल कर इन त्योहारों को मनाएं और देश की एकता को और मजबूत बनाएं।
इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अनु कुशवाहा, रणजीत राम, चंदन पासवान, राजीव रंजन, बसंत राम और शुभम पासवान उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री के विचारों को प्रेरणादायक बताया और देश के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने की बात दोहराई। मेयर सुनील पासवान ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह देश के करोड़ों लोगों को जोड़ने का माध्यम बन गया है।












