गिरिडीह: तिसरी थाना कांड संख्या 50/2025 में डकैती के आरोप में गिरफ्तार किए गए सिकंदर तुरी समेत चार दलित अभियुक्तों को शनिवार को न्यायिक दंडाधिकारी रूबी की अदालत से जमानत मिल गई। देर रात सभी अभियुक्त गिरिडीह केंद्रीय कारा से रिहा हुए और सीधे अधिवक्ता अवधेश कुमार सिंह के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने निचली अदालत और अधिवक्ता का आभार जताया।

किसान जनता पार्टी ने शुरू से ही इन दलितों को फंसाए जाने का आरोप लगाते हुए आंदोलन चलाया था और पुलिस अधीक्षक को सैकड़ों लोगों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन देकर जांच की मांग की थी। हालांकि, एसडीपीओ खोरीमहुवा की रिपोर्ट ने डकैती की घटना को सही बताया। अधिवक्ता सिंह ने दावा किया कि उनके मुवक्किल शराब माफियाओं का विरोध कर रहे थे, जिन्हें भाजपा नेता सुनील साव और पुलिस की साजिश के तहत झूठे केस में फंसाया गया।












