बिरनी थाना क्षेत्र के पलौजिया गांव में शनिवार को माहुरी समुदाय के एक परिवार पर लाठी, टांगी, लोहे की रॉड और डंडों से जानलेवा हमला किया गया, जिसमें एक ही परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़िता चम्पा देवी के अनुसार, बालगोविन्द महतो, उनकी पत्नी रीनावती देवी, पुत्र राजीव रंजन वर्मा और रिश्तेदार भुनेश्वर महतो ने जातिसूचक गालियाँ देते हुए उनके पति मोहन राम पर टांगी से वार किया। विरोध करने पर चम्पा देवी, उनके बेटे कुनाल कुमार और नवीन कुमार को भी बुरी तरह पीटा गया। हमलावरों ने चम्पा देवी के साथ अभद्रता भी की। सभी घायलों को पहले बिरनी सीएचसी और फिर गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया। पीड़िता ने बिरनी थाने में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस जांच में जुट गई है।












