गिरिडीह, 11 जुलाई 2025: पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इन्नरव्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन ने आज एक विशेष अभियान “प्लास्टिक हटाओ, कपड़े का बैग अपनाओ” की शुरुआत की। इस अभियान के तहत पचंबा रोड स्थित एक फल की दुकान को चुना गया, जहां क्लब की सदस्यों ने प्लास्टिक बैग के स्थान पर कपड़े के बैग वितरित किए। इस पहल के परिणामस्वरूप वह दुकान गिरिडीह शहर की पहली ऐसी दुकान बन गई है

जहां स्थायी रूप से प्लास्टिक बैग पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। क्लब की टीम ने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में नियमित रूप से कपड़े के बैग उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि यह प्रतिबंध प्रभावी और लगातार बना रहे। कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्ष कविता रजगड़िया, पीडीसी पुनम सहाय, आईएसओ दीप्ति सिन्हा, सदस्य रिया अग्रवाल, संगीता सिंह सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। यह कदम न केवल स्थानीय पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरणादायक है, बल्कि गिरिडीह को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में भी एक मजबूत संदेश है। ऐसे प्रयासों से शहर की स्वच्छता और स्वास्थ्य दोनों बेहतर होंगे और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नई मिसाल कायम होगी।













