औद्योगिक क्षेत्र अजीडीह में मंगलवार शाम को भाकपा माले और असंगठित मजदूर मोर्चा के बैनर तले सैकड़ों मजदूरों और कार्यकर्ताओं ने चार लेबर कोड के खिलाफ मशाल जुलूस निकाला। यह कार्यक्रम आगामी 9 जुलाई को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल के समर्थन में आयोजित किया गया। मशाल जुलूस शाम साढ़े छह बजे अजीडीह मैदान से शुरू होकर जेल के पास शांतिपूर्वक नारेबाजी करते हुए संपन्न हुआ।

इस आंदोलन के जरिए आम जनता, मजदूरों और किसानों से हड़ताल को सफल बनाने की अपील की गई। वक्ताओं में राजेश सिन्हा और कन्हाई पांडेय ने कहा कि जैसे कृषि कानून वापस लिए गए, वैसे ही मजदूर विरोधी चार लेबर कोड भी वापस लेने होंगे। कन्हाई पांडेय ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार लगातार श्रमिकों पर शोषणकारी कानून थोप रही है,

जिसे उखाड़ फेंकना जरूरी है। कार्यक्रम में कॉमरेड पुरन महतो, सनातन साहू, कौशल साव, मधुसूदन कोल, गुलाब कोल्ह, किशोर राय, पवन यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे। आयोजकों ने प्रशासन को पहले ही सूचना दे दी थी और जुलूस शांतिपूर्ण रहा। इस मशाल जुलूस ने मजदूर हितों की लड़ाई को नई ऊर्जा दी है और आगामी हड़ताल के लिए मजबूत माहौल तैयार किया है।












