गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र के बैरिया गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई जब 35 वर्षीय शहनाज खातून का शव मंगलवार सुबह घर के पास एक कुएं में बरामद हुआ। शहनाज, अपने पति मंजूर अंसारी के साथ मुहर्रम पर कोलकाता से मायके आई थी। सोमवार रात बच्चे के रोने की आवाज पर परिजन जागे तो देखा कि शहनाज गायब है। तलाश के बाद सुबह उसका शव कुएं में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका के पिता अकबर अंसारी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मंजूर अंसारी का किसी और महिला से प्रेम-प्रसंग था, और वह अपनी कमाई उसी पर खर्च करता था। शहनाज को न पहनने को कपड़े देता था, न सही से रखता था। बीते दिनों थाने में विवाद भी हुआ था, लेकिन फिर समझौते के बाद विदाई हुई थी। अब शहनाज की लाश मायके में ही मिली। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है, और शव को कुएं में फेंका गया है। मृतका का पति फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है। परिजन के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।













