गिरिडीह के नगर थाना क्षेत्र स्थित कुरैशी मोहल्ला एक बार फिर तनाव के साए में आ गया है। मुहर्रम जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने अब नई आग पकड़ ली है। बीते दिन जुलूस के समय हुए झगड़े में एक व्यक्ति घायल हो गया था, जिसके बाद रविवार को दोबारा दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पत्थरबाजी की नौबत आ गई। हालात बिगड़ने से पहले नगर थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। थोड़ी देर में डीएसपी-1 नीरज सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात की जानकारी ली।

पुलिस की सतर्कता से कोई बड़ा हादसा टल गया, लेकिन मोहल्ले में तनाव बना हुआ है। पुलिस की टीम अब भी मौके पर डटी हुई है और स्थिति पर नजर रखे हुए है। डीएसपी नीरज सिंह ने बताया कि मुहर्रम के दिन हुए विवाद को लेकर एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को कोई समस्या हो, तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करे। फिलहाल, प्रशासन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।













