गिरिडीह, 3 जुलाई: सिरसिया स्थित बीएनएस डीएवी पब्लिक स्कूल में बुधवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस उपाधीक्षक कौशर अली और यातायात निरीक्षक दोगुन तोपोन शामिल हुए, जिनका स्वागत विद्यालय के प्राचार्य सचिन गर्ग ने पौधा भेंट कर किया।

‘सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा’ थीम पर आधारित चित्रांकन प्रतियोगिता में कक्षा 1 से 5 तक के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रचनात्मक चित्रों के माध्यम से सुरक्षा संदेश दिए। डीएसपी कौशर अली ने छात्रों के साथ चित्र बनाते हुए उन्हें ज़ेब्रा क्रॉसिंग, हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य नियमों के पालन की जानकारी दी।

प्राचार्य सचिन गर्ग ने बताया कि विद्यालय हमेशा छात्रों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रतिबद्ध है और विद्यालय बसों में भी सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन किया जाता है। कार्यक्रम की सफलता में शिक्षकों की अहम भूमिका रही।












