गिरिडीह के सर्किट हाउस में सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन सृजन अभियान 2025 के तहत हुई अहम बैठक में प्रखंड और मंडल अध्यक्षों को संगठन की नई जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। जिला अध्यक्ष धनंजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पूर्व मंत्री व मुख्य अतिथि जयप्रकाश भाई पटेल ने साफ कहा – “संगठन की असली ताकत पंचायत स्तर के कार्यकर्ता हैं।” उन्होंने सभी से इस जिम्मेदारी को अवसर मानकर गांव-गांव तक कांग्रेस की विचारधारा फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रशिक्षण सदस्य जेपी सिंह ने कहा – “अब वक्त है पंचायत में जाकर जनसमस्याओं को सुनने और समाधान देने का।” जिला अध्यक्ष धनंजय सिंह ने बताया कि बीते एक माह से वे खुद हर प्रखंड में जाकर कांग्रेस विचारधारा से जुड़े लोगों को संगठन से जोड़ने में लगे हैं। इस मौके पर कई प्रमुख नेता मौजूद रहे, जिनमें सतीश केडिया, ऋषिकेश मिश्रा, अमित सिन्हा समेत दर्जनों प्रखंड और मंडल अध्यक्ष शामिल थे। कांग्रेस की यह नई पहल पार्टी को जमीनी स्तर पर फिर से मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।












