गिरिडीह जिले में बरवाडीह से कबरीबाद होते हुए बनियाडीह जाने वाली सड़क फिर से खतरनाक हो गई है। खासकर कबरीबाद से सीसीएल रेस्ट हाउस के बीच का हिस्सा गंभीर धंसान की चपेट में है। हाल ही में कबरीबाद माइंस के पास मुख्य सड़क पर बड़ा गोफ बन गया है, जिससे सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह जमींदोज हो गया। घटना के बाद सीसीएल के जीएम और परियोजना पदाधिकारी के निर्देश पर माइंस मैनेजर की निगरानी में धंसे हिस्से को बोल्डर से भरने का कार्य शुरू किया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे और आसपास कोयले के अवैध खनन की वजह से बार-बार जमीन धंस रही है और दरारें पड़ रही हैं। खासकर बारिश के मौसम में खतरा और बढ़ जाता है। गौरतलब है कि यह सड़क कुछ माह पहले ही पथ निर्माण विभाग द्वारा करोड़ों की लागत से बनाई गई थी, लेकिन अवैध खनन के कारण अब इस पर चलना जोखिम भरा हो गया है। इससे आम लोगों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।












